कर्नाटक: मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अस्पताल में मंत्री सुधाकर से मुलाकात की

Ads

कर्नाटक: मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अस्पताल में मंत्री सुधाकर से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 06:38 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 06:38 PM IST

बेंगलुरु, 25 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को अस्पताल में भर्ती मंत्री डी. सुधाकर से मुलाकात की और कहा कि उनके होश में आने के बाद चिकित्सक इलाज को लेकर फैसला करेंगे।

योजना एवं सांख्यिकी मंत्री सुधाकर फेफड़ों में गंभीर संक्रमण के कारण अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती हैं।

सिद्धरमैया ने इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थित कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (केआईएमएस) का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “सुधाकर अब तक होश में नहीं आए हैं। चिकित्सक कल (रविवार को) फैसला लेंगे।”

मुख्यमंत्री ने फेफड़े के प्रत्यारोपण के बारे में पूछे जाने पर कहा, “अगर अभी प्रत्यारोपण करना है, तो उनका होश में आना जरूरी है। वह अभी होश में नहीं हैं। चिकित्सक फैसला लेंगे कि क्या करना है।”

सिद्धरमैया ने मंत्री की हालत के बारे में पूछे जाने पर बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन वह वेंटिलेटर पर हैं।

उन्होंने कहा, “उनके (मंत्री सुधाकर के) शरीर के अन्य सभी अंग ठीक से काम कर रहे हैं और उनकी हालत स्थिर है।”

सिद्धरमैया ने चिकित्सा जांच के बारे में कहा, “चिकित्सक कल (रविवार को) सीटी स्कैन करेंगे। उसके बाद ही पता चलेगा। वे निर्णय लेंगे।”

चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को जारी उपचार के बारे में जानकारी दी।

सिद्धरमैया ने मंत्री के परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव