कर्नाटक: औचक निरीक्षण के लिए बस में सवार हुए मंत्री, छुट्टे पैसे न होने पर परिचालक ने बाहर निकाला

Ads

कर्नाटक: औचक निरीक्षण के लिए बस में सवार हुए मंत्री, छुट्टे पैसे न होने पर परिचालक ने बाहर निकाला

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 10:28 PM IST

बेंगलुरु, 12 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के परिवहन मंत्री बी. सुरेश को रविवार को व्यवस्था के औचक निरीक्षण के दौरान एक सरकारी बस के परिचालक ने छुट्टे पैसे न होने के कारण बस से उतरने के लिए कह दिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन परिवहन निगम (बीएमटीसी) का कर्मचारी मंत्री को पहचान नहीं पाया, क्योंकि उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए मास्क लगा रखा था।

सूत्रों के अनुसार, मंत्री परिवहन विभाग के कामकाज की वास्तविक जानकारी लेने के लिए हेब्बाल से नागशेट्टिहल्ली जाने के लिए बस में सवार हुए थे।

जब परिचालक टिकट देने के लिए उनके पास आया, तो सुरेश ने उसे 100 रुपये दिए।

परिचालक ने कहा कि उसके पास छुट्टे नहीं हैं और अगर यात्री को यात्रा जारी रखनी है तो उसे छुट्टे पैसे देने होंगे।

सूत्रों ने बताया कि परिचालक ने ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करने के लिए भी कहा, लेकिन मंत्री ने ऐसा करने में असमर्थता जताई।

इसके बाद परिचालक ने अपना बैग भी दिखाया और बताया कि उसके पास छुट्टे पैसे नहीं हैं।

सूत्रों ने कहा कि बाद में परिचालक ने सुरेश से बस से उतरने के लिए कहा और वह विनम्रतापूर्वक बस से उतर गए।

उन्होंने बताया कि सुरेश शाम करीब सात बजे से रात नौ बजे तक यात्रा करते रहे ताकि वह विभाग के कामकाज, बसों की सुविधाओं, यात्रियों के साथ बस कर्मचारियों के व्यवहार और यात्रियों तथा परिवहन विभाग के कर्मचारियों की परेशानियों को समझ सकें।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश