केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपने पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने की घोषणा की

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपने पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने की घोषणा की

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने अपने पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने की घोषणा की
Modified Date: March 19, 2026 / 08:00 pm IST
Published Date: March 19, 2026 8:00 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

कन्नूर (केरल), 19 मार्च (भाषा) तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लिए प्रयासरत केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए बृहस्पतिवार को यहां धर्मदम विधानसभा क्षेत्र से दाखिल किए गए अपने नामांकन पत्र में एक करोड़ रुपये से अधिक की अपनी चल और अचल संपत्ति घोषित की।

विजयन ने अपने हलफनामे में यह भी कहा कि उनकी पत्नी के पास 80 ग्राम सोने समेत 60 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति और 36 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।

केरल में नौ अप्रैल को विधानसभा चुनाव हैं।

अपने हलफनामे में अपनी संपत्ति और देनदारियों का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास 45 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति है, जिसमें विभिन्न बैंकों में जमा राशि और कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड सहित विभिन्न कंपनियों में शेयर शामिल हैं।

हलफनामे के अनुसार, उनके पास 56 लाख रुपये से अधिक की अचल संपत्ति है, जिसमें पाथिरियाद आमसोम में एक आवासीय संपत्ति और 78 सेंट कृषि भूमि शामिल है।

विजयन ने यह भी कहा कि उनपर और उनकी पत्नी पर कोई देनदारी नहीं है।

मुख्यमंत्री विजयन ने 1963 में थलस्सेरी के सरकारी ब्रेनन कॉलेज से प्री-यूनिवर्सिटी कोर्स (पीयूसी) किया था। उन्होंने वित्त वर्ष 2024-25 में 5.33 लाख रुपये की आय घोषित की, जबकि उनकी पत्नी ने इसी अवधि में 5.77 लाख रुपये की आय दिखाई थी।

विजयन ने अपने हलफनामे में कहा है कि उनके खिलाफ छह मामले चल रहे हैं, जिनमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसीए) के तहत एक मामला और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की जा रही जांच शामिल है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का मामला एसएनसी-लवलीन से जुड़ा है, जिसमें सीबीआई ने उन्हें बरी किये जाने के खिलाफ शीर्ष अदालत में अपील दायर की है। यह मामला अब भी उच्चतम न्यायालय में लंबित है।

ईडी की जांच केरल अवसंरचना निवेश निधि बोर्ड (केआईआईएफबी) द्वारा अवसंरचना परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण हेतु मसाला बॉण्ड निधि के उपयोग से संबंधित है।

एजेंसी ने विजयन को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया था, लेकिन केरल उच्च न्यायालय ने उस पर रोक लगा दी है।

भाषा

राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में