तिरुवनंतपुरम/नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) समूचे केरल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी नेताओं वी डी सतीशन, के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के समर्थन में लगाए गए ‘फ्लेक्स बोर्ड’ और पोस्टर हटाना शुरू कर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि इन नेताओं ने संयुक्त रूप से अपने समर्थकों से मुख्यमंत्री चयन से जुड़ी सार्वजनिक मुहिम समाप्त करने की अपील की थी।
इस कदम की शुरुआत तिरुवनंतपुरम स्थित केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ से हुई, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर से फ्लेक्स बोर्ड हटा दिए।
कांग्रेस आला कमान के साथ चर्चा के बाद नेताओं द्वारा नयी दिल्ली में अपील किए जाने के तुरंत बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर से फ्लेक्स बोर्ड हटा दिए। यह कार्रवाई नेताओं द्वारा नयी दिल्ली में कांग्रेस आला कमान के साथ चर्चा के बाद की गई अपील के तुरंत बाद की गई।
युवा कांग्रेस और केरल छात्र संघ (केएसयू) कार्यकर्ताओं समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य की राजधानी में लगे तीनों नेताओं के फ्लेक्स बोर्ड भी हटा दिए।
नयी दिल्ली में बैठक के दौरान सुल्तान बाथरी में सतीशन के समर्थन में आयोजित रैली को भी रद्द कर दिया गया।
तिरुवनंतपुरम के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलप्पुझा, एर्नाकुलम, त्रिशूर, कन्नूर, कोट्टायम और वायनाड जिलों में भी तीनों नेताओं के समर्थकों द्वारा लगाए गए फ्लेक्स बोर्ड हटा दिए।
दूसरी ओर, अपील के बावजूद समर्थकों के एक समूह ने मलप्पुरम में सतीशन के समर्थन में प्रदर्शन किया।
यह अपील कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा नयी दिल्ली में सतीशन, वेणुगोपाल और चेन्निथला के साथ-साथ केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ और केरल की प्रभारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव दीपा दासमुंशी से हुई मुलाकात के बाद आई है। यह मुलाकात केरल के अगले मुख्यमंत्री के रूप में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के चयन को लेकर हुई थी।
बाद में शाम को सतीशन, चेन्निथला, वेणुगोपाल, जोसेफ और दासमुंशी ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदर्शनों और फ्लेक्स बोर्ड प्रचार अभियानों से दूर रहने की अपील की।
भाषा सुरभि संतोष
संतोष