तिरुवनंतपुरम, 15 फरवरी (भाषा) केरल पुलिस एसोसिएशन ने रविवार को एसएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा एक पुलिस अधिकारी पर कथित तौर पर किए गए हमले को स्तब्ध करने वाला और ‘‘लोकतांत्रिक, प्रगतिशील केरल के लिए अपमानजनक’’ बताया।
राज्य में पुलिस अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संघ ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि इस तरह की घटनाओं के माध्यम से समाज में अराजकता पैदा करने के प्रयासों का लोकतांत्रिक समुदाय द्वारा सामूहिक रूप से विरोध किया जाना चाहिए।
शनिवार शाम को सिविल पुलिस अधिकारी मिधुन रॉय को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के चार कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर अपशब्द कहे और उन पर हमला किया। यह घटना नव वर्ष की पूर्व संध्या पर कोवलम में हुए लाठीचार्ज के विरोध के दौरान की है।
वंचियूर पुलिस ने एसएफआई कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारी के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं।
एसोसिएशन ने बताया कि आधिकारिक कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिस अधिकारियों के घरों तक मार्च करना और अधिकारियों एवं उनके परिवारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करके उनका अपमान करना ‘‘अत्यंत निंदनीय कृत्य’’ हैं।
संगठन ने इस बात पर भी चिंता व्यक्त की कि इस तरह के कृत्य एक जिम्मेदार राजनीतिक आंदोलन के नाम पर किए जा रहे हैं।
बयान में राजनीतिक दलों और आम जनता से पुलिसकर्मियों पर हमलों तथा कानून लागू करने वाले अधिकारियों को निशाना बनाकर किए जाने वाले ‘‘अलोकतांत्रिक’’ प्रदर्शनों का विरोध करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया।
भाषा सुरभि शफीक
शफीक