केरल: यूडीएफ के रोड शो के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने पिनराई विजयन पर कसा तंज

Ads

केरल: यूडीएफ के रोड शो के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी ने पिनराई विजयन पर कसा तंज

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 07:35 PM IST

तिरुवनंतपुरम, एक अप्रैल (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बुधवार को नेमोम निर्वाचन क्षेत्र में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के लिए प्रचार के दौरान एक लोकप्रिय मलयालम फिल्म के संवाद का इस्तेमाल करते हुए केरल के अपने समकक्ष पिनराई विजयन पर निशाना साधा।

राज्य में नौ अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।

रेड्डी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोहनलाल अभिनीत मलयालम ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘नरसिम्हम’ का मशहूर डायलॉग ‘नी पो मोने दिनेशा’ बोला, जिस पर भीड़ ने जमकर तालियां बजाईं।

उन्होंने डायलॉग को थोड़ा बदलकर कहा, “नी पो मोने विजया।”

रेड्डी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का ‘समय समाप्त हो गया है’।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कहा, “आपका समय समाप्त हो गया है। आपकी वैधता की अवधि पूरी हो गई है। आपके पास आगे शासन का समय नहीं बचा। अब यूडीएफ का समय आ गया है।”

उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ केरल में सत्ता में आएगा और राज्य में विकास सुनिश्चित करेगा। नेमोम निर्वाचन क्षेत्र से यूडीएफ के उम्मीदवार के.एस. सबरीनाथन भी रेड्डी के साथ रोड शो में मौजूद थे।

केरल विधानसभा की 140 सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश