केरल: कन्नूर के तालीपारम्बा में मतदान के बाद हिंसा, माकपा व यूडीएफ के कार्यकर्ताओं पर मामले दर्ज
केरल: कन्नूर के तालीपारम्बा में मतदान के बाद हिंसा, माकपा व यूडीएफ के कार्यकर्ताओं पर मामले दर्ज
कन्नूर (केरल), 10 अप्रैल (भाषा) कन्नूर के तालीपारम्बा विधानसभा क्षेत्र में मतदान समाप्त होने के बाद बृहस्पतिवार रात विभिन्न स्थानों पर हिंसा की कई घटनाएं सामने आईं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक कार्यकर्ता पर कथित रूप से चाकू से हमला किया गया, जबकि कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कार्यकर्ताओं पर भी हमले हुए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
तालीपारम्बा में माकपा के बागी नेता टी. के. गोविंदन यूडीएफ के समर्थन से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
मय्यिल थाने के अधिकारियों के अनुसार, कायरालम के कुट्टिचिरा निवासी माकपा कार्यकर्ता प्रकाशन पी. (50) पर शाम करीब सात बजे मुलक्कोडी यूपी स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया।
पुलिस ने यूडीएफ कार्यकर्ता कृष्णन के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। प्रकाशन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन व पार्टी की जिला इकाई के नेता अस्पताल पहुंचे और आरोप लगाया कि यह हमला हार के डर से किया गया।
इसी बीच, मय्यिल पुलिस ने उसी स्कूल परिसर में यूडीएफ के दो कार्यकर्ताओं—भास्करन पी. (56) और शायजू के. वी. (46) पर कथित हमले के मामले में प्रकाशन सहित माकपा के छह कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों यूडीएफ कार्यकर्ता पथराव में घायल हुए।
एक अन्य घटना में, मुलक्कोडी क्षेत्र में रात करीब साढ़े नौ बजे एक महिला के घर में कथित रूप से घुसकर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में माकपा के 15 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने घर के फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया तथा घर के बाहर खड़े एक स्कूटर में भी तोड़फोड़ की।
पुलिस ने कन्नूर के मलप्पट्टम के पास मेप्पाराम्बा निवासी माकपा कार्यकर्ता वेणुगोपालन के. पर कथित हमले के मामले में यूडीएफ के दो कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मतदान के बाद हुई हिंसा से जुड़े इन चारों मामलों की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
वामपंथी दलों का गढ़ माने जाने वाले तालीपारम्बा निर्वाचन क्षेत्र में टी. के. गोविंदन का मुकाबला माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन की पत्नी पी. के. श्यामला से है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


