(परिवर्तित स्लग से जारी)
बेंगलुरु, पांच अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के कोडागु जिले की ताडियांडामोल पहाड़ियों में ‘ट्रेकिंग’ के दौरान चार दिन पहले लापता हुई 36 वर्षीय महिला मिल गई है। कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खंड्रे के कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महिला सुरक्षित है और उसे वापस लाया जा रहा है।
केरल के कोझीकोड जिले में नादापुरम की रहने वाली महिला जी. एस. शरण्या (36) ‘ट्रेकिंग’ के लिए अकेले आई थी और कक्काबे गांव के एक निजी होमस्टे में रुकी थी।
वह दो अप्रैल को एक गाइड और 15 अन्य पर्वतारोहियों के साथ कोडागु की ऊंची पहाड़ी श्रृंखला ताडियांडामोल गई थी तथा उसी दोपहर वह लापता हो गई थी।
वन मंत्री ने रविवार को बताया था कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने महिला की तलाश का अभियान तेज करने के निर्देश दिए जिसके बाद उसका पता लगाने के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया।
मंत्री के कार्यालय ने एक बयान में बताया था कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, नक्सल-विरोधी दस्ते, एक श्वान दस्ता और वनकर्मियों सहित 50 लोगों की पांच टीम गठित की गईं और खोज अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि 40 कर्मियों वाली चार अतिरिक्त टीम तैनात की गईं और इसी के साथ अभियान में कुल नौ टीम शामिल थीं।
महिला ने बृहस्पतिवार को आखिरी बार होमस्टे से फोन पर संपर्क किया था और बताया था कि वह रास्ता भटक गई है।
भाषा सिम्मी नरेश
नरेश