केवल सिंह ढिल्लों ने भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख का पदभार ग्रहण किया
केवल सिंह ढिल्लों ने भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख का पदभार ग्रहण किया
चंडीगढ़, तीन जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को औपचारिक रूप से प्रदेश प्रमुख का पदभार ग्रहण किया।
सिख समुदाय से ताल्लुक रखने वाले ढिल्लों को 28 मई को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति अगले साल के आरंभ में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले की गयी है।
ढिल्लों के पार्टी की प्रदेश इकाई की कमान संभालने के मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राष्ट्रीय सचिव नरिंदर सिंह रैना, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेता इकबाल सिंह लालपुरा एवं कई अन्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम में चुघ ने अपने संबोधन में दावा किया कि भाजपा 2027 में विधानसभा चुनाव जीतकर राज्य में सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता चाहती है कि भाजपा सरकार बनाए। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
ढिल्लों (76) पंजाब के राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मालवा क्षेत्र से आते हैं, जहां राज्य की 117 सदस्यीय विधानसभा के 69 निर्वाचन क्षेत्र हैं।
उद्योगपति-नेता ढिल्लों को 1980 के दशक में आतंकवाद के दौर में पंजाब में पेप्सिको लाने का श्रेय दिया जाता है, जब कोई भी राज्य में निवेश करने को तैयार नहीं था।
बरनाला से दो बार विधायक रह चुके ढिल्लों ने दोनों बार कांग्रेस में रहते हुए विधानसभा चुनाव चुनाव जीता था।
ढिल्लों 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे और बाद में उन्हें पार्टी की प्रदेश इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
ढिल्लों ने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर सुनील जाखड़ का स्थान लिया है, जिनका प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में तीन साल का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है।
भाषा
राजकुमार मनीषा
मनीषा

Facebook


