कुवैत जा रहा एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान कोझिकोड लौटा

Ads

कुवैत जा रहा एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान कोझिकोड लौटा

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 08:40 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 08:40 PM IST

कोझिकोड/कोच्चि, तीन जून (भाषा) कुवैत के हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद, खाड़ी देश के हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने के कारण एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान बुधवार सुबह कोझिकोड लौट आया, जबकि कोच्चि से बहरीन जाने वाली एक अन्य उड़ान रद्द कर दी गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, एयरलाइन छह जून तक कुवैत के लिए अपनी सेवाएं निलंबित कर सकती है।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘कुवैत के हवाई क्षेत्र को बंद करने के परिणामस्वरूप, तीन जून को कुवैत जाने वाली हमारी उड़ान कोझिकोड लौट आई।’

उड़ानों को ट्रैक करने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइट रडार24’ पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उड़ान आईएक्स393 का परिचालन बोइंग 737 विमान द्वारा किया जा रहा था, जिसे दो घंटे से अधिक समय तक आसमान में रहने के बाद कोझिकोड की ओर ले जाया गया।

एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को निःशुल्क यात्रा कार्यक्रम में बदलाव या यात्रा रद्द करने पर पूरा किराया लौटाने का विकल्प दिया गया है।

एयरलाइन ने बताया, ‘हमारे नियंत्रण से परे परिस्थितियों के कारण हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।’

यात्रियों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी।

इस बीच, कोच्चि हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि कुवैत के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण बुधवार पूर्वाह्न 11:45 बजे कोच्चि से बहरीन जाने वाली एक अन्य उड़ान रद्द कर दी गई।

उन्होंने बताया कि उड़ान आईएक्स 439 को रद्द किए जाने के बाद, पहले ही ‘चेक-इन’ कर चुके कुल 119 यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।

भाषा तान्या सुभाष

सुभाष