लद्दाख विकास परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की
लद्दाख विकास परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) करगिल स्थित लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी पार्षद (सीईसी) मोहम्मद जफर अखून एवं सांसद मोहम्मद हनीफा जान के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने करगिल से नागरिक उड़ानों के संचालन की मांग करते हुए एक ज्ञापन प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी पार्षद जाकिर हुसैन भी शामिल हैं।
एलएएचडीसी के नेताओं ने मौजूदा हवाई पट्टी के विस्तार और एक पूर्ण विकसित नागरिक हवाई अड्डे की स्थापना का अनुरोध किया, ताकि खासकर सर्दियों के महीनों के दौरान जब सड़क मार्ग बंद रहते हैं तब कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने सांकू और शाकर-चिकतन उपमंडलों को जिले का दर्जा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये ‘‘उपमंडल करगिल जिले के सबसे अधिक आबादी वाले और सबसे पुराने उपमंडलों में से हैं और सभी आवश्यक मानदंडों को पूरा करते हैं’’।
परिषद के एक बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से आगामी आधिकारिक अधिसूचना में लद्दाख में घोषित अन्य नए जिलों के साथ-साथ इन जिलों को भी शामिल करने का अनुरोध किया।
नेताओं ने जिला स्तर पर विकासात्मक कार्यों के समय पर निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए करगिल के एलएएचडीसी के उपायुक्त और सीईओ के लिए पांच करोड़ रुपये तक के प्रशासनिक अनुमोदन और व्यय स्वीकृति अधिकारों को बहाल करने की भी मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में करगिल के लिए 200 बिस्तरों वाले अस्पताल की मांग की, जिसमें मौजूदा 100 बिस्तरों वाले अस्पताल में अपर्याप्त बुनियादी ढांचे और मरीजों की बढ़ती संख्या का हवाला दिया गया।
परिषद ने अपने बयान में कहा कि मुख्य कार्यकारी पार्षद (सीईसी) अखून ने करगिल में पहले से स्वीकृत इंजीनियरिंग कॉलेज के शीघ्र क्रियान्वयन और संचालन का आग्रह किया और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने एवं उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की।
भाषा सुरभि सुरेश
सुरेश

Facebook


