चंडीगढ़, 28 फरवरी (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से जारी हैं। सैनी ने कहा कि इस क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी, दोनों इलाकों में करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाएं जारी हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं और सेवाएं मिलेंगी।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि सैनी, बाबैन में सरस्वती चौक के सौंदर्यीकरण का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, सैनी ने इस दौरान स्थानीय निवासियों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को उनके समाधान के लिए निर्देश दिए।
सैनी ने बताया कि कुरुक्षेत्र के उमरी में लगभग पांच एकड़ भूमि पर गुरु रविदास स्मारक का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रक्षी नदी का तटबंध सुढृढ किया जा रहा है और लाडवा शहर में सड़क निर्माण कार्य जारी हैं।
उन्होंने कहा कि बिहोली में एक सरकारी पशु चिकित्सालय स्थापित किया गया है।
बयान के मुताबिक, धनोरा जतन गांव में एक ‘स्पोर्ट स्टेडियम’ का निर्माण किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि लाडवा के रामकुंडी स्थित अग्रसेन चौक का सौंदर्यीकरण कार्य भी पूरा हो चुका है।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष