लक्ष्मीप्रिया का बाफ्टा में पुरस्कार जीतना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण : मणिपुर के मुख्यमंत्री
लक्ष्मीप्रिया का बाफ्टा में पुरस्कार जीतना पूरे देश के लिए गर्व का क्षण : मणिपुर के मुख्यमंत्री
इंफाल, 23 फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने सोमवार को कहा कि निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी की फिल्म ‘बूंग’ का प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में खिताब जीतना न केवल इस राज्य के लिए बल्कि पूरे देश के लिए अपार गर्व का क्षण है।
सिंह ने ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन अवार्ड्स (बाफ्टा) 2026 में लक्ष्मीप्रिया देवी की उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘लक्ष्मीप्रिया देवी का 79वें बाफ्टा 2026 में पुरस्कार जीतना प्रभावशाली फिल्म निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण है। ‘बूंग’ ने सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म श्रेणी में शीर्ष सम्मान प्राप्त किया है, जिससे मणिपुर और भारत को ख्याति मिली है।’’
सिंह ने कहा कि लक्ष्मीप्रिया देवी ने सिनेमा में अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से लगातार गौरव अर्जित किया है और यह नया सम्मान वैश्विक मंच पर मणिपुरी कला और संस्कृति की प्रतिष्ठा को और बढ़ाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर की जनता की ओर से, मैं उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं और उनकी निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं। ईश्वर करे कि वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहें और हमारे राज्य को और अधिक गौरव और सम्मान दिलाती रहें।’’
फरहान अख्तर की ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ द्वारा निर्मित एक अलग अंदाज वाली मणिपुरी पृष्ठभूमि की हास्य-ड्रामा फिल्म ‘बूंग’ ने रविवार को लंदन में सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म की श्रेणी में प्रतिष्ठित बाफ्टा पुरस्कार जीता।
इस फिल्म से निर्देशन के क्षेत्र में पहली बार हाथ आजमा रही लक्ष्मीप्रिया देवी ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए मणिपुर में शांति के लिए भावुक अपील की।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


