नैनीताल में वकील ने गोली मारकर की आत्महत्या

Ads

नैनीताल में वकील ने गोली मारकर की आत्महत्या

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 09:04 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 09:04 PM IST

नैनीताल, 27 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के नैनीताल में सोमवार को एक वकील ने अपनी कार में कथित रूप से गोली मारकर आत्महत्या कर ली । पुलिस ने यह जानकारी दी ।

पुलिस ने बताया कि मल्लीताल के रहने वाले पूरन सिंह भाकुनी (55) का शव जिला न्यायालय परिसर में बनी पार्किंग में खड़ी उनकी कार की पिछली सीट पर मिला और उनकी कनपटी पर गोली लगने का घाव था ।

पुलिस ने बताया कि उनके हाथ से एक लाइसेंसी पिस्तौल और कार के डैशबोर्ड से आत्महत्या से पूर्व लिखा गया एक नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उन्होंने कथित रूप से अवसाद से ग्रस्त होने का जिक्र किया है ।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि नोट में लिखी बातों और उनकी मौत से संबंधित परिस्थितियों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी ।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी ने बताया, ‘हमें वकीलों के जरिए घटना की सूचना मिली। मृतक कार की पिछली सीट पर पड़ा था, उसके हाथ में पिस्तौल थी और कान के पास खून था।’

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ।

नैनीताल के जिला सरकारी वकील सुशील शर्मा ने बताया कि भाकुनी सुबह नौ बजे घर से निकले थे और साढ़े नौ बजे उनका शव मिला।

शर्मा ने कहा कि शव पिछली सीट पर था और किसी भी प्रकार की साजिश की आशंका को दूर करने के लिए मामले की गहन जांच होनी चाहिए ।

उन्होंने बताया कि नोटरी का काम करने वाले भाकुनी की शादी छह महीने पहले हुई थी।

भाषा सं दीप्ति रंजन

रंजन