जयपुर, 30 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के अधिकतर भागों में तेज गर्मी के बीच कई जगह हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई और आंधी चलने से अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे के दौरान राज्य में कहीं कहीं ऊष्णरात्री दर्ज होने के साथ ही कहीं कहीं पर बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई। सर्वाधिक 20.6 मिलीमीटर बारिश कोटा में हुई।
इसके अनुसार, इस समय ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान मामूली गिरकर 40-42 डिग्री दर्ज किया जा रहा है जो इस मौसम के औसत सामान्य तापमान के आसपास है।
राज्य में अभी अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने तथा ऊष्ण लहर से आंशिक राहत मिलने की संभावना है।
एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आगामी 2-3 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी होगी।
इसी तरह मई के पहले सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं ऊष्ण लहर की परिस्थितियां दर्ज होने व दोपहर बाद आंधी चलने और बूंदाबादी या बारिश होने का अनुमान है।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा