विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की बैठक 12 बजे तक स्थगित, नहीं चल सका प्रश्नकाल

Ads

विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की बैठक 12 बजे तक स्थगित, नहीं चल सका प्रश्नकाल

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 11:32 AM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 11:32 AM IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की बैठक शुरू होने के दो मिनट के भीतर दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनसे प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद वह सदस्यों को उनकी बात रखने का अवसर देंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नकाल सदस्यों के लिए महत्वपूर्ण होता है। प्रश्नकाल के बाद सदन किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। मैं सरकार से बात करुंगा और सरकार भी चर्चा को तैयार है।’’

बिरला ने कहा, ‘‘मैं प्रश्नकाल में किसी को कोई वक्तव्य देने नहीं दूंगा। आपको अपनी बात रखनी है तो प्रश्नकाल के बाद आइए।’’

सदन में हंगामा थमते न देख बिरला ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

सोमवार को मानसून सत्र की शुरुआत के बाद से आज लगातार चौथे दिन भी लोकसभा में भी प्रश्नकाल नहीं हो पाया।

नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की विपक्ष की मांग को लेकर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा