गुजरात में दोपहर तक निगम चुनाव में अन्य निकायों की तुलना में कम मतदान

Ads

गुजरात में दोपहर तक निगम चुनाव में अन्य निकायों की तुलना में कम मतदान

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 04:20 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 04:20 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

अहमदाबाद, 26 अप्रैल (भाषा) गुजरात में रविवार को विभिन्न स्थानीय निकायों के चुनाव में अपराह्न डेढ़ बजे तक 30-40 प्रतिशत मतदान हुआ तथा लोग भीषण गर्मी के बावजूद वोट डालने पहुंचे। आधिकारिक आंकड़े से यह जानकारी सामने आयी है।

आंकड़ों के अनुसार, राज्य के अन्य स्थानीय निकायों की तुलना में नगर निगमों में मतदान कम रहा।

अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए चुनाव हो रहे हैं। यह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सबसे बड़े चुनावों में एक है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में अपना वोट डाला, जबकि उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सूरत में मतदान किया।

गुजरात राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।

एसईसी के आंकड़ों के अनुसार, अपराह्न डेढ़ बजे तक नगर निगमों के चुनाव में 30.02 प्रतिशत, नगरपालिकाओं के चुनाव में 37.76 प्रतिशत, जिला पंचायतों के चुनाव में 39.47 प्रतिशत और तालुका पंचायतों के चुनाव में 40.85 प्रतिशत मतदान हुआ।

नगरपालिकाओं में, अपराह्न डेढ़ बजे तक नवसारी में सबसे अधिक 50.78 प्रतिशत मतदान हुआ। वलसाड में 49.54 प्रतिशत मतदान हुआ।

अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के संशोधित मानदंडों के तहत चुनाव हो रहे हैं, जिसके लिए कई जिलों में वार्डों का व्यापक परिसीमन और पुनर्गठन आवश्यक था।

जरूरत पड़ने पर 27 अप्रैल को पुनः मतदान होगा। मतगणना 28 अप्रैल को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 अप्रैल तक पूरी होने की उम्मीद है।

भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलावा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं, जिससे कई स्थानों पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

लगभग 9,200 सीट पर चुनाव हो रहे हैं, जिनमें 4.18 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता हैं।

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप