मप्र: पचमढ़ी में एक नाबालिग छात्रा से सामूहिक बलात्कार, तीनों आरोपी हिरासत में
मप्र: पचमढ़ी में एक नाबालिग छात्रा से सामूहिक बलात्कार, तीनों आरोपी हिरासत में
पचमढ़ी (मध्यप्रदेश), 24 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में 17 वर्षीय एक स्कूली छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस वारदात के सिलसिले में पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ आरंभ कर दी ।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने 19 अगस्त को पीड़िता के एक साथी को बंधक बनाकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया, जिसके बाद रविवार देर शाम उसके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पचमढी के थाना प्रभारी गोपाल घोसले ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पिपरिया से महिला उपनिरीक्षक मोनिका सिंह तत्काल पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज किए।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों– हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं– 70(2), 115(2), 351(3) एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा में हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।’’
पुलिस के मुताबिक हरिओम एक स्थानीय जिप्सी चालक है जबकि बंसल और वंशकार एक स्थानीय होटल में कार्य करते हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि 19 अगस्त को दोपहर उसका एक सहपाठी उससे मिलने पचमढ़ी बस स्टैंड आया था, जहां उनकी मुलाकात हरिओम से हुई।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता का सहपाठी और हरिओम एक मित्र के जरिए एक-दूसरे से परिचित थे।
पुलिस ने बताया कि हरिओम अपने दोस्तों–बंसल और वंशकार के साथ पीड़िता और उसके सहपाठी को जिप्सी से घुमाने के बहाने दक्षिण स्काउट गाइड क्षेत्र के पास स्थित घने जंगल में ले गए।
पुलिस ने बताया कि वहां आरोपियों ने दोनों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और जब छात्रा के सहपाठी ने विरोध किया तो उन्होंने उसे जिप्सी से बांध दिया और किशोरी के साथ सामूहिक बलात्कार किया।
उसने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों को बस स्टैंड पर छोड़ दिया और किसी को इसकी जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने रविवार को अपनी बहन को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसके परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सामूहिक बलात्कार की इस घटना को कानून व्यवस्था के मुंह पर ‘कालिख’ करार दिया और आरोप लगाया कि ‘बेलगाम अपराध’ अब राज्य की पहचान बन चुके हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘पचमढ़ी जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर महिला सुरक्षा को लेकर उठे नए सवाल, इस बात का सबूत हैं कि अब पुख्ता कार्रवाई ही लाड़लियों के मन मे समाया डर दूर कर सकती है।’’
उन्होंने इस पोस्ट को मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी टैग किया।
भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


