बीड, 13 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में 13-वर्षीय एक लड़की के साथ उसके सौतेले पिता द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने नौ अप्रैल को हुई इस घटना के संबंध में प्राप्त एक शिकायत के आधार पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने नौ साल पूर्व अपने पहले पति को तलाक दे दिया था और आरोपी से शादी कर ली थी। आरोपी और महिला का एक बेटा भी है।
अधिकारी ने बताया कि नौ अप्रैल की दोपहर जब महिला घर पर नहीं थी, तब आरोपी ने अपनी सौतेली बेटी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसे चुप रहने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मां घर लौटी और उसने अपनी बेटी के व्यवहार में बदलाव देखा। पूछताछ करने पर लड़की ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद कैज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश