महाराष्ट्र: महिला को अलग-अलग पुरुषों से शादी के लिए मजबूर करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र: महिला को अलग-अलग पुरुषों से शादी के लिए मजबूर करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 10:26 PM IST

बीड, आठ मार्च (भाषा) पुलिस ने लातूर जिले की 21 वर्षीय महिला की कथित तस्करी के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला को आरोपियों ने तीन अलग-अलग पुरुषों से जबरन ‘शादी’ करने के लिए मजबूर किया था और इस सौदे में लाखों रुपये कमीशन के रूप में कमाए थे। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

आष्टी थाने के निरीक्षक शरद भूटेकर ने बताया कि यह मामला शुक्रवार शाम को उस समय सामने आया, जब लातूर जिले के कनाडी (बुद्रुक) गांव में पीड़िता पर चौथी शादी के लिए दबाव डाला गया, तो उसने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

पुलिस ने अब तक तुलजापुर और पुणे से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सौदों को अंजाम देने वाली एक महिला और उसका पति शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने पति द्वारा कथित तौर पर प्रताड़ित किये जाने के कारण पिछले दो वर्षों से लातूर जिले में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी।

इस दौरान उनका संपर्क लातूर निवासी एक महिला से हुआ।

पुलिस ने बताया कि उसने पीड़िता का परिचय पुणे के हडपसर इलाके की एक अन्य महिला से कराया, जिसने उसकी शादी कराने का वादा किया था।

पुलिस ने बताया, ‘आरोपी महिलाओं ने पीड़िता की दूसरी शादी करवाने का वादा किया और उसे पुणे ले गईं। वहां कटराज इलाके में एक व्यक्ति से उसकी जबरन शादी करवा दी गई। आरोपी महिलाओं ने शादी करवाने के बदले उस व्यक्ति से पांच लाख रुपये लिए।’

पुलिस ने बताया कि शादी के 10 दिनों के भीतर ही पीड़िता को पुणे जिले के कुरकुंभ इलाके के एक व्यक्ति से 4.5 लाख रुपये की ‘शुल्क’ के बदले दूसरी शादी करने के लिए मजबूर किया गया।

उसकी मुसीबतें यहीं खत्म नहीं हुईं।

पुलिस ने बताया, ‘धराशिव जिले के तुलजापुर की एक अन्य महिला की मदद से आरोपियों ने पीड़िता का तीसरा विवाह चार मार्च को आष्टी तहसील के कनाडी (बुद्रुक) गांव के एक व्यक्ति से तय किया। आरोपियों ने इस सौदे में भी कथित तौर पर लगभग 4.5 लाख रुपये वसूले।’

पुलिस को संदेह है कि यह मामला शादी कराने के बहाने महिलाओं की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

तीन शादियां करवाने के बाद भी आरोपियों ने कथित तौर पर महिला का शोषण जारी रखा। छह मार्च को उन्होंने कथित तौर पर उस पर चौथी शादी करने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मानसिक आघात सहन न कर पाने और आगे दुर्व्यवहार के डर से पीड़िता ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि फिलहाल अहिल्यानगर जिले की श्रीगोंडा तहसील के एक अस्पताल में उसका इलाज जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

आष्टी पुलिस ने कथित तौर पर सौदों को अंजाम देने वाली महिला और उसके पति सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप