नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर स्थित उस होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है, जहां बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दक्षिण दिल्ली के घनी आबादी वाले हौज रानी इलाके में स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बीएंडबी’ में आग लगने के कुछ घंटों बाद बजाज को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इससे पहले बजाज और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके की एक भीड़भाड़ वाली गली में स्थित होटल में आग लग गई, जो कथित तौर पर बिना अग्नि संबंधी अनापत्ति प्रमाण (एनओसी) के चल रहा था। इस आग में कम से कम 21 लोग मारे गए, जिनमें 10 भारतीय, नौ अफ्रीकी नागरिक और तुर्कमेनिस्तान के दो नागरिक शामिल है।
आग लगने के बाद कम से कम 58 लोगों को इमारत से निकाला गया और उन्हें अस्पतालों में ले जाया गया जिनमें से 21 लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और भारतीय न्याय संहिता की अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस प्रतिष्ठान से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश