नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर स्थित उस होटल की इमारत के मालिक लवकेश बजाज और उसकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है, जहां बुधवार को भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को विदेश भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है, जबकि कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
बुधवार को भीड़भाड़ वाले हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में आग लग गई। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक शामिल हैं, जबकि कई अन्य अस्पतालों में गंभीर हालत में हैं।
मालवीय नगर की एक तंग गली में बिना अग्नि संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के चल रहे होटल में भीषण आग लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 58 लोगों को निकाला गया और अस्पतालों में भर्ती कराया गया जहां 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जिनमें 10 भारतीय, नौ अफ्रीकी नागरिक और तुर्कमेनिस्तान के दो नागरिक शामिल हैं।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, होटल में निर्धारित क्षमता से करीब चार गुना ज्यादा लोग ठहराए जा रहे थे और उसके पास जरूरी अग्नि सुरक्षा मंजूरी भी नहीं थी।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और भारतीय न्याय संहिता की अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव