मालवीय नगर होटल अग्निकांड: मृतकों में अफ्रीका के नौ और तुर्कमेनिस्तान के दो नागरिक शामिल

Ads

मालवीय नगर होटल अग्निकांड: मृतकों में अफ्रीका के नौ और तुर्कमेनिस्तान के दो नागरिक शामिल

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 08:46 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में बुधवार को लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले लोगों में 11 विदेशी नागरिक और 10 भारतीय शामिल हैं। वहीं, 35 लोग जख्मी हुए हैं जिनमें से 19 की हालत गंभीर है। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

आंकड़ों के अनुसार, इस अग्निकांड में 58 लोग प्रभावित हुए हैं।

मालवीय नगर के हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ होटल में सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी और देखते ही देखते इसने भीषण रूप धारण कर लिया। कई स्थानीय लोगों सहित बचावकर्मी पांच मंजिला संकरी इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचे।

मृतकों में अफ्रीका के नौ और तुर्कमेनिस्तान के दो नागरिक हैं, जबकि अन्य सभी भारतीय हैं।

इस दुर्घटना में कुल 35 लोग घायल हुए।

आंकड़ों के अनुसार, 19 मरीजों की हालत गंभीर हैं, जिनमें से 10 विदेशी नागरिक वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। नौ अन्य वेंटिलेटर पर नहीं हैं, लेकिन उनकी हालत भी गंभीर हैं।

किसी भी भारतीय मरीज को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखे जाने की सूचना नहीं है।

मैक्स अस्पतालों ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है जिनमें नौ विदेशी हैं।

एम्स बर्न सेंटर ने तीन मौतों की सूचना दी है, जिनमें दो विदेशी नागरिक और एक भारतीय शामिल हैं।

एम्स ट्रॉमा सेंटर में 13 लोगों को भर्ती कराया गया। इनमें से दस घायल दिल्ली पुलिस कर्मियों का इलाज चल रहा है, जबकि तीन बांग्लादेशी नागरिकों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनमें एक महिला वेंटिलेटर सपोर्ट पर और दो अन्य निगरानी में हैं।

पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल में दो-दो मरीजों को भर्ती कराया गया।

आधिकारिक आंकड़ों में यह भी बताया गया है कि दो नेपाली नागरिकों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि पीड़ितों की पहचान करने की लगातार कोशिश की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश