तेलंगाना में युवती की हत्या के आरोपी की भीड़ के हमले के बाद मौत

Ads

तेलंगाना में युवती की हत्या के आरोपी की भीड़ के हमले के बाद मौत

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 04:16 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 04:16 PM IST

हैदराबाद, 17 मई (भाषा) तेलंगाना के महबूबनगर जिले में एक युवती की हत्या के आरोपी युवक की भीड़ द्वारा पिटाई किए जाने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि युवती ने आरोपी (30) के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिससे वह नाराज था।

उसने बताया कि शनिवार को जाडचेरला कस्बे में आरोपी ने 21 वर्षीय युवती पर उस वक्त चाकू से हमला कर दिया जब वह ऑटो रिक्शा से उतर रही थी। हमले में युवती की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं।

युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर मौजूद लोगों ने कथित तौर पर आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, लोगों ने आरोपी को बांधकर पीटा। बाद में गंभीर हालत में उसे महबूबनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी और युवती की जान-पहचान उस समय हुई थी, जब युवती हैदराबाद के एक निजी स्कूल में काम करती थी।

अधिकारी के अनुसार, युवती द्वारा प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए थे।

भाषा

सुरभि खारी

खारी