सूरत, 25 अप्रैल (भाषा) गुजरात के सूरत जिले में एक नाबालिग लड़की का पीछा कर उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद देर रात करीब 700 लोगों ने पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अजीज शेख (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
पुलिस उपायुक्त निधि ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई, हालांकि थाने के बाहर जुटी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
निधि ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शेख ने अलथान इलाके में कोचिंग से लौट रही लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था। घटना सार्वजनिक होने पर लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। तभी मौके पर पहुंची ‘पीसीआर’ वाहन ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के शिक्षक और माता-पिता की मौजूदगी में प्राथमिकी दर्ज की गई तथा आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है।
पुलिस के अनुसार, शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
निधि ने बताया कि शुक्रवार रात प्राथमिकी दर्ज करने के दौरान कम से कम 700 लोग थाने के बाहर इकट्ठा हो गए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने उन्हें कानूनी प्रक्रिया समझाने की कोशिश की, लेकिन वे फिर भी वहां से नहीं हटे, इसलिए उन्हें हटाने के लिए हमें हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।’’
इसके बाद शनिवार की दोपहर को भी भारी सुरक्षा के बीच जब पुलिस, आरोपी की मौजूदगी में घटनास्थल का मुआयना कर रही थी, तब वहां फिर से भारी भीड़ जमा हो गई।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश