एटा, 28 अप्रैल (भाषा) एटा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप नगर में एक युवक ने पत्नी के साथ जारी विवाद से आहत होकर कथित तौर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान रामकिशोर के पुत्र विनीत (28) के रूप में हुई है जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
उसने बताया कि चार वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था, लेकिन पिछले एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच विवाद था, इसी कारण पत्नी उसे छोड़कर चली गई और वापस नहीं लौटी।
विनीत के भाई विपिन कुमार ने कहा, ‘‘पत्नी के साथ लंबे समय से जारी विवाद झगड़ों ने विनीत को मानसिक रूप से तोड़ दिया था।’’
विनीत अपने घर में 80 वर्षीय नानी और अन्य बुजुर्गों के साथ रहता था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट तथा खोजी कुत्तों की टीम भी बुलाई गई।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय ले जाया गया है और रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द मनीषा खारी
खारी