नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक निजी स्कूल के स्विमिंग पूल में तैरते समय 26 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकरी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली के झारोदा गांव निवासी राहुल रॉय के रूप में हुई।
पुलिस ने कहा कि तारक अस्पताल से सूचना मिली थी कि नजफगढ़ के एक निजी स्कूल के पूल में तैरते समय एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई है, जिसके बाद एक टीम अस्पताल पहुंची।
प्रारंभिक जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि राहुल बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों सूरज सिंह, तरुण कुमार और भविष्य के साथ स्कूल के स्विमिंग पूल में नहाने और तैराकी के लिए गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘शाम करीब साढ़े पांच बजे वह कथित तौर पर पूल में डूब गया, जिसके बाद उसके दोस्त और मौके पर मौजूद अन्य लोग उसे तारक अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह कैसे डूबा और क्या घटना के समय वहां पर्याप्त सुरक्षा उपाय मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, राहुल एक निजी कंपनी में कार्यरत था, जहां वह कार्डबोर्ड कार्टन पैक करने का काम करता था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद पुलिस ने स्विमिंग पूल और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। जांच के तहत राहुल के दोस्तों और मौके पर मौजूद अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने कहा कि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच के नतीजे के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन