रांची, 17 फरवरी (भाषा) रांची में मंगलवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति को कथित तौर पर चलती कार के बोनट पर घसीटा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस घटना का 40 सेकेंड से अधिक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना डोरंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजेंद्र चौक के पास हुई।
हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद ने कहा, ‘‘घटना हुई है और पुलिस ने इसका संज्ञान लिया है। मामले की जांच की जा रही है।’’
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हेलमेट पहने पीड़ित द्वारा मर्सिडीज चला रहे व्यक्ति से गुहार लगाई जा रही है। पीड़ित यह कहता सुनाई देता है: ‘‘अगर मैं गिर गया तो क्या होगा? अरे, मैं मर जाऊंगा। गाड़ी रोको, रोको। मैं इस आदमी पर मुकदमा करूंगा।’’
भाषा यासिर नेत्रपाल
नेत्रपाल