दिल्ली में पुरानी दुश्मनी के कारण व्यक्ति पर चाकू से हमला, दो नाबालिग हिरासत में

Ads

दिल्ली में पुरानी दुश्मनी के कारण व्यक्ति पर चाकू से हमला, दो नाबालिग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 09:40 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में पुरानी दुश्मनी के चलते 30-वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के आरोप में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना मंगलवार को इंदिरा कॉलोनी में उस वक्त हुई, जब पीड़ित देवेंद्र पर लोगों के एक समूह ने हमला किया।

पुलिस ने कहा, ‘पत्थरबाजी की कोई घटना सामने नहीं आई है। पीड़ित शालीमार बाग थाना क्षेत्र का बदमाश है और प्रथम दृष्टया यह घटना पुरानी दुश्मनी का मामला प्रतीत होती है।’

पीड़ित के भाई ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि देवेंद्र टैक्सी चालक के रूप में काम करता है और फिलहाल लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

उसने बताया कि उसके परिवार और पड़ोसी परिवार के बीच 2011 से ही कुछ विवाद चल रहा है।

उसने कहा, ‘यह सब उस वक्त शुरू हुआ जब हमने उसकी अवैध गतिविधियों के बारे में पुलिस से शिकायत की। इसके जवाब में उन्होंने 2011 में हमारे भाई धर्मेंद्र पर हमला किया।’

उसके अनुसार, प्रतिद्वंद्वी परिवार के कुछ सदस्यों को बाद में जेल भेज दिया गया और वे लगभग सात साल बाद वापस लौटे।

उसके भाई ने कहा, ‘‘बाहर आने के बाद उन्होंने फिर से हमसे झगड़ा करना शुरू कर दिया। मंगलवार को देवेंद्र हमारी मां को दवा देने के लिए शालीमार बाग गया था, तभी कुछ लोगों ने उस पर हमला किया और चाकू से वार किया।’

पुलिस ने बताया कि हमले के बाद देवेंद्र को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए बाद में उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश