दिल्ली के मोती नगर में एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

दिल्ली के मोती नगर में एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

दिल्ली के मोती नगर में एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या
Modified Date: November 14, 2024 / 10:33 am IST
Published Date: November 14, 2024 10:33 am IST

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के सुदामा पुरी इलाके में 26 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके घर के पास चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राजा बाबू के रूप में हुई है।

पुलिस ने मृतक के पिता गंगा राम के हवाले से बताया कि राजा बाबू ने पिछले साल एक युवती से, उसके परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। उन्हें संदेह है कि राजा बाबू की हत्या उसके ससुराल वालों द्वारा कराई गई है।

गंगा राम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा, ‘महिला के परिवार के सदस्य पास में ही रहते हैं। शादी के बाद से ही मेरे बेटे और उसके ससुराल वालों के बीच विवाद था।’

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को बुधवार को एक पीसीआर कॉल मिली और जब तक टीम मौके पर पहुंची, राजा बाबू को अस्पताल ले जाया जा चुका था जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और राजा बाबू की पत्नी के परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लिया गया है।

भाषा योगेश मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में