पूर्वी दिल्ली में कार सवार व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, जांच जारी

Ads

पूर्वी दिल्ली में कार सवार व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, जांच जारी

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 03:39 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में एक कार सवार व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विनोद नगर निवासी विजय कुमार को बृहस्पतिवार रात डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि रात करीब नौ बजे पीसीआर को सूचना मिली कि कृष्णा नगर की मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कुमार की कार सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली। तब तक स्थानीय लोग घायल को अस्पताल पहुंचा चुके थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक और अपराध जांच दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, तथा हमलावर की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शुरुआती जांच में लूटपाट का कोई पहलू सामने नहीं आया है।’’

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल