मणिपुर के मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय जिरीबाम यात्रा शुरू की

Ads

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय जिरीबाम यात्रा शुरू की

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 04:42 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 04:42 PM IST

इम्फाल, चार अप्रैल (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह का शनिवार को जिरीबाम जिले में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वह तीन दिवसीय दौरे पर जिरीबाम पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य की राजधानी इम्फाल से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 37 के रास्ते 217 किलोमीटर की दूरी तय की। यह सड़क कुकी बहुल कांगपोकपी जिले से होकर गुजरती है, जिससे इस दौरे का महत्व और भी बढ़ जाता है, क्योंकि संघर्ष शुरू होने के बाद से मेइती और कुकी समुदायों के सदस्य एक-दूसरे के क्षेत्रों से होकर गुजरने से बचते रहे हैं।

सिंह के साथ भाजपा की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष ए शारदा देवी और कम से कम आठ विधायक, साथ ही पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी थे।

जून 2024 में, तत्कालीन मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने एनएच-37 के रास्ते इसी तरह की यात्रा की योजना बनाई थी, लेकिन कांगपोकपी जिले के कोटलेन के पास संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा उनके काफिले पर घात लगाकर हमला करने और एक सुरक्षाकर्मी के घायल होने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि यह यात्रा समुदायों के बीच विश्वास कायम करने के प्रयासों का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) से बातचीत करेंगे और मेइती, कुकी और हमार समुदायों के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

सिंह ने इससे पहले फरवरी 2026 में जिरीबाम का दौरा किया था, जहां उन्होंने प्रभावित समुदायों के विस्थापित परिवारों से मुलाकात की थी।

हाल ही में नयी दिल्ली में हुई एक बैठक में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिंह से जातीय संघर्ष से ग्रस्त मणिपुर में शांति बहाल करने प्रक्रिया में तेजी लाने और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने का आग्रह किया था।

भाषा राखी शफीक

शफीक