दिल्ली हवाई अड्डे पर 24 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मारिजुआना जब्त, तीन गिरफ्तार

Ads

दिल्ली हवाई अड्डे पर 24 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मारिजुआना जब्त, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 04:55 PM IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकाक से आने वाले यात्रियों से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में 24 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संदिग्ध मारिजुआना जब्त की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उनके मुताबिक, इस मादक पदार्थ का वजन 24 किलोग्राम से अधिक है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सीमा शुल्क अधिकारियों ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार मई को बैंकाक से आए एक उज्बेक नागरिक को रोका।

यात्री की विस्तृत जांच की गई, जिसके दौरान उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग से संदिग्ध मारिजुआना से भरी पॉलीथीन की 12 थैलियां बरामद की गईं।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए पदार्थ का वजन 18.003 किलोग्राम से अधिक था और इसकी कीमत लगभग 18 करोड़ रुपये है।

एक अन्य मामले में, छह मई को बैंकक से आए एक भारतीय यात्री को रोका गया और उसकी तथा उसके सामान की जांच की गई।

अधिकारियों ने यात्री के एक ट्रॉली बैग से हरे रंग के मादक पदार्थ से भरी पॉलीथीन की 11 थैलियां बरामद कीं।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए पदार्थ का वजन 5.467 किलोग्राम था और अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग 5.46 करोड़ रुपये है।

तीसरे मामले में, 3 मई को बैंकाक से टर्मिनल-3 पर पहुंचे एक भारतीय यात्री को शक के आधार पर रोका गया।

सामान की जांच के दौरान, अधिकारियों ने संदिग्ध मारिजुआना से भरी पॉलीथीन की चार थैलियां बरामद कीं।

उनके मुताबिक, जब्त किए गए पदार्थ का वजन 977 ग्राम था और अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग 97.77 लाख रुपये है।

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में पुष्टि हुई कि यह पदार्थ मारिजुआना है।

अधिकारियों के मुताबिक, तीनों मामलों में आरोपियों को स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन

रंजन