महापौर का कांवड़ यात्रा मार्गों पर मांस की दुकानें और ठेले बंद कराने का आग्रह
महापौर का कांवड़ यात्रा मार्गों पर मांस की दुकानें और ठेले बंद कराने का आग्रह
नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) आयुक्त को पत्र लिखकर मांग की है कि कांवड़ यात्रा और आगामी महाशिवरात्रि के दौरान तीर्थयात्रा के मुख्य रास्तों और श्रद्धालुओं के शिविरों के पास मांस की दुकानों तथा गैर-शाकाहारी भोजन बेचने वाले ठेलों को तत्काल बंद किया जाए।
एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार को भेजे गए एक औपचारिक संदेश में महापौर ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने से बचाने के लिए राजधानी में मांसाहारी भोजन बेचने वाली दुकानों को बंद करने के लिए तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया।
वाही ने पत्र में लिखा, ‘जैसा कि आप जानते हैं कि सावन का पवित्र महीना और कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। हजारों कांवड़ यात्री दिल्ली की विभिन्न सड़कों से होकर गुजरते हैं। इस दौरान यह देखा गया है कि रात के समय सड़क किनारे कच्चा और पका हुआ मांस बेचने वाली दुकानें और ठेले संचालित हो रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध हैं।’
इस बात को रेखांकित करते हुए कि सार्वजनिक सड़कों पर मांसाहारी भोजन खुलेआम खाने से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है, वाही ने नगर निगम अधिकारियों से बिना देरी किए कार्रवाई करने का आग्रह किया।
महापौर ने कहा, ‘इसलिए, महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के दौरान तुरंत प्रभाव से दिल्ली की मुख्य सड़कों के किनारे या कांवड़ शिविरों के आस-पास संचालित हो रही कच्चा और पका हुआ मांस बेचने वाली सभी दुकानों और सड़क किनारे लगी रेहड़ियों-ठेलों को बंद कर दिया जाना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुचारु रूप से हो सके।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


