नोएडा, 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ‘गौड़ सौन्दर्यम सोसाइटी’ में मंगलवार रात एमबीए की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने 13वीं मंजिल पर अपने फ्लैट से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान शिविका ठकराल (25) के रूप में हुई है और मामले की जांच जारी है।
बिसरख थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि विनय ठकराल का परिवार ‘गौर सौन्दर्यम सोसाइटी’ के शेरोन टावर में रहता है।
उन्होंने बताया कि विनय की बेटी मोहाली से एमबीए की पढ़ाई कर रही थी और वहीं नौकरी भी करती थी।
अधिकारी ने बताया कि शिविका होली की छुट्टी पर घर आई थी और मंगलवार की रात सभी लोग खाना खाकर अपने अपने कमरे में सो गए थे।
उन्होंने बताया कि विनय के परिवार को गार्डों के माध्यम से जानकारी मिली कि शिविका ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हालांकि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
शर्मा ने बताया कि मामले में परिजन की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई।
पुलिस ने परिजन और पड़ोसियों से आवश्यक जानकारी जुटाई है, साथ ही सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र