कोझिकोड, नौ मई (भाषा) स्थानीय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की एक किलोग्राम से अधिक ‘एमडीएमए’ जब्त कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे जिला नशा-रोधी विशेष कार्यबल (डीएएनएसएएफ) की टीम पंतीरानकावु में वाहनों की जांच कर रही थी और इस दौरान एक कार में एमडीएमए पाया गया।
उन्होंने बताया कि कुल 1,013.26 ग्राम एमडीएमए जब्त किया गया।
पुलिस को संदेह है कि आरोपियों ने यह मादक पदार्थ किसी अन्य राज्य से खरीदा था और कोझिकोड एवं मलप्पुरम जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने ले जा रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि एमडीएमए के स्रोत का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। गिरफ्तार युवकों को शनिवार को ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
भाषा खारी सुरेश
सुरेश