झारखंड में बच्चा चुराने के सन्देह में की गयी पिटाई से मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की मौत

झारखंड में बच्चा चुराने के सन्देह में की गयी पिटाई से मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की मौत

झारखंड में बच्चा चुराने के सन्देह में की गयी पिटाई से मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की मौत
Modified Date: February 17, 2026 / 04:53 pm IST
Published Date: February 17, 2026 4:53 pm IST

चतरा/बोकारो (झारखंड), 17 फरवरी (भाषा) झारखंड के चतरा और बोकारो जिलों में दो अलग-अलग घटनाओं में जहां मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, वहीं उत्तर प्रदेश की छह महिलाओं को लोगों ने बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चा चुराने के संदेह में 45 वर्षीय जिस व्यक्ति को बुरी तरह पीटा गया था उसकी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना रविवार रात पिपरवार थाना क्षेत्र में हुई, जहां चिरैयाटांड और किचतो गांवों के कुछ निवासियों ने व्यक्ति की बच्चा चुराने के संदेह में बेरहमी से पिटाई कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बरवाटोली निवासी रामबली राजवार के रूप में हुई है।

पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया, “घायल व्यक्ति की सोमवार को रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह भीड़ द्वारा पीट-पीट कर जान लेने (मॉब लिंचिंग) का स्पष्ट मामला है। पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।”

उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक रविवार रात उस इलाके में गया था, जिसके बाद कुछ लोगों के समूह ने उसे बच्चा चोर समझकर पीट दिया। सूचना मिलते ही पिपरवार थाने की टीम मौके पर पहुंची और उसे बचाकर बछरा क्षेत्रीय अस्पताल ले गई। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पीड़ित के भाई भुवनेश्वर राजवार ने बताया कि उनका परिवार रामगढ़ जिले के बरवाटोली गांव का निवासी है, लेकिन फिलहाल रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज में रहता है।

उन्होंने बताया कि उनका भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ था और वह घर पर ही रहता था।

घटना से एक दिन पहले, वह बिना किसी को बताए घर से निकलकर चिरियाटांड चला गये, जहां लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर बुरी तरह पीटा।

एक अन्य घटना में, झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार को उत्तर प्रदेश की छह महिलाओं पर कथित तौर पर कुछ लोगों ने हमला किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र में दामोदर नदी पर बने एक पुल के पास हुई, जब स्थानीय लोगों ने महिलाओं के एक समूह को देखा और उन्हें बच्चा चोर समझकर बुरी तरह पीटा।

गांधी नगर पुलिस थाने के प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “ये महिलाएं उत्तर प्रदेश के जौनपुर से इलाज करने के लिए आई थीं। कुछ स्थानीय लोगों ने गलती से उन्हें बच्चा चोर समझ लिया, जिसके परिणामस्वरूप उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।”

पीड़ितों की पहचान बिंदु देवी, माया देवी, माला देवी, संजना देवी, निरंजना देवी और कृति कुमारी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सभी महिलाओं को बचाकर महिला पुलिस थाने लाया गया।

बच्चा चोरी से संबंधित अफवाहों के बीच, बोकारो जिला प्रशासन ने लोगों से इस तरह की गलत सूचनाओं पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में लगभग 300 सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान की गई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

भाषा राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में