जम्मू, 20 मई (भाषा) जम्मू क्षेत्र बुधवार को भीषण लू की चपेट में रहा और कई इलाकों में अधिकतम तापमान असमान्य रूप से काफी अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, सांबा बुधवार को जम्मू-कश्मीर का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक है। वहीं, जम्मू में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, कठुआ में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है।
विभाग ने बताया कि कटरा में भी भीषण गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसने बताया कि रामबन में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, उधमपुर में 40.2 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में 31 डिग्री सेल्सियस, बाटोटे में 30.6 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
विभाग के मुताबिक, कश्मीर घाटी के अंतर्गत श्रीनगर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है।
भाषा यासिर पारुल
पारुल