कोलकाता, 13 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास को एक नया समन जारी कर उनसे दिसंबर में सॉल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए 48 घंटे के भीतर जांच अधिकारियों के सामने पेश होने को कहा।
बिस्वास, इस मामले में पूछताछ के संबंध में पेश होने के लिए बिधाननगर थाने द्वारा पूर्व में भेजे गए दो समन के बाद भी पेश नहीं हुए थे।
सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए पेश होने के लिए समय मांगा था।
सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों ने पूर्व मंत्री के पंजीकृत पते पर तीसरा नोटिस भेजा है।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बिस्वास को 17 अगस्त तक दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षा प्रदान की थी और उन्हें जांच एजेंसी के सामने पेश होने का निर्देश दिया था हालांकि इसके लिए उन्हें कम से कम 48 घंटे पहले नोटिस दिया जाना जरूरी है।
यह मामला कार्यक्रम के आयोजक शताद्रु दत्ता की ओर से उनके खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी पर आधारित है।
प्राथमिकी में पूर्व मंत्री पर दिसंबर 2025 में हुए इस कार्यक्रम के सिलसिले में टिकटों की कालाबाजारी, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है।
सॉल्ट लेक स्टेडियम में 13 दिसंबर 2025 को हुए इस कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था फैल गई थी क्योंकि बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर बिना वैध पास के अंदर प्रवेश कर गए थे, जिससे सुरक्षा में चूक हुई और भीड़ बेकाबू हो गई थी।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष