मेथामफेटामाइन जब्ती मामला: तमिलनाडु और मिजोरम में 13 ठिकानों पर एनआईए की छापेमारी

Ads

मेथामफेटामाइन जब्ती मामला: तमिलनाडु और मिजोरम में 13 ठिकानों पर एनआईए की छापेमारी

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 11:30 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 11:30 PM IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बंगाल की खाड़ी स्थित बैरेन द्वीप के पास म्यामां की एक नाव से छह किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ ‘मेथामफेटामाइन’ की जब्ती के सिलसिले में बुधवार को तमिलनाडु और मिजोरम में 13 स्थानों पर छापे मारे।

एनआईए द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ये छापे तमिलनाडु में आठ और मिजोरम में पांच स्थानों पर मारे गए।

जांच एजेंसी ने कहा कि एनआईए टीमों के इस समन्वित अभियान के दौरान कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं, जिनका फोरेंसिक विश्लेषण करके इस मामले में शामिल पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

एनआईए के मुताबिक, चेन्नई में छापेमारी के दौरान 71 लाख रुपये, 53,500 अमरीकी डॉलर और 1,50,000 म्यांमाई क्यात (म्यांमार की मुद्रा) बरामद किए गए। वहीं चम्फाई और आइजोल में स्थित ठिकानों से क्रमशः 22.38 लाख रुपये और 20.73 लाख रुपये जब्त किए गए।

यह मामला नवंबर 2024 में बैरेन द्वीप के पास म्यांमा की एक नाव से इस अवैध मादक पदार्थ के साथ-साथ एक सैटेलाइट फोन और अन्य सामान की बरामदगी के बाद सामने आया था। इस घटना के बाद अंडमान और निकोबार पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

अंडमान और निकोबार पुलिस ने इस मामले में म्यांमा के छह नागरिकों को गिरफ्तार किया था और 27 मार्च 2025 को उनके खिलाफ स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस कानून) तथा विदेशी अधिनियम, 1946 की प्रासंगिक धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किया था।

इसके बाद जांच का जिम्मा एनआईए ने संभाला और 11 अगस्त 2025 को इस मामले को दोबारा दर्ज किया। आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

भाषा सुमित अमित

अमित