पणजी, 12 अगस्त (भाषा) पूर्व पत्रकार तरुण तेजपाल की बेटी कारा ने उन दावों को ‘सरासर झूठ’ करार देकर खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि उनके पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली शिकायतकर्ता उनकी और उनकी बहन की बचपन की सहेली थी और इसी वजह से वह तेजपाल को ‘पिता समान’ मानती थी।
बुधवार को जारी एक बयान में कारा ने कहा, ‘यह सच है कि मेरे पिता और शिकायतकर्ता के पिता ने 90 के दशक में कुछ समय के लिए एक ही दफ्तर में काम किया था। लेकिन यह बात पूरी तरह असत्य है कि वे बहुत करीबी साथी थे या हमारे परिवारों के बीच किसी भी तरह के पारिवारिक संबंध थे।’
कारा ने कहा कि वयस्क होने तक उन्हें शिकायतकर्ता के बारे में पता भी नहीं था। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता उम्र में उनसे और उनकी बड़ी बहन दोनों से बड़ी हैं।
‘तहलका’ पत्रिका के पूर्व प्रधान संपादक तरुण तेजपाल को गोवा के एक आलीशान होटल की लिफ्ट में अपनी कनिष्ठ सहयोगी का यौन उत्पीड़न करने के आरोप के बाद गोवा पुलिस ने उसे नवंबर 2013 में गिरफ्तार किया था।
भाषा
सुमित अमित
अमित