मेट्रो के विस्तार से महिलाओं के लिए यात्रा सुरक्षित होगी: दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता

Ads

मेट्रो के विस्तार से महिलाओं के लिए यात्रा सुरक्षित होगी: दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 08:18 PM IST

नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से रोजाना यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए यात्रा सुरक्षित और आसान हो जाएगी।

उनकी ये टिप्पणी तब आई जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी में दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया और तीन अन्य की आधारशिला रखी।

इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने “सत्य और ईमानदारी” के प्रति प्रतिबद्धता के साथ प्रमुख नागरिक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने पिछले वर्ष गरीबों और श्रमिक वर्ग के लिए कल्याणकारी पहल शुरू करने के लिए “मिशन मोड” में काम किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में 70 ‘अटल कैंटीन’ चल रही हैं, जो प्रतिदिन लगभग 70,000 लोगों को पांच रुपये में भोजन उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जलभराव और प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने 50 वर्षों में पहली बार एक नयी जल निकासी प्रणाली शुरू की है।

गुप्ता ने कई डिजिटल पहलों के बारे में बताया कि दिल्ली सरकार के सभी विभागों का डिजिटलीकरण हो चुका है। उन्होंने ई-फाइल प्रणाली, डिजिटल अस्पताल रिकॉर्ड, ऑनलाइन ओपीडी बुकिंग, डिजिटल संपत्ति प्रबंधन, परियोजना प्रबंधन पोर्टल और मुख्यमंत्री जनसुनवाई ऐप जैसी पहलों का उल्लेख किया।

उन्होंने शिक्षा क्षेत्र के बारे में बताया कि दिल्ली के स्कूलों को 7,000 स्मार्ट क्लासरूम, 275 कंप्यूटर और 100 डिजिटल पुस्तकालयों से सुसज्जित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने दिल्ली की बेटियों को 200 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के लिए निधि का उपयोग किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो के नए गलियारों से दिल्ली में यातायात और सुगम होगा ।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश