कोलकाता, दो दिसंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि अगले एक सप्ताह तक सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार दिनों में जहां दक्षिण बंगाल में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, वहीं उत्तरी बंगाल में पारा दो से तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़क सकता है।
बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य के सभी जिलों में एक या दो स्थानों पर सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता घटकर एक किलोमीटर से 200 मीटर तक रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मैदानी इलाकों में अलीपुरद्वार सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कूचबिहार में 12.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में दार्जिलिंग सात डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि कलिम्पोंग में 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश