आसनसोल (पश्चिम बंगाल), 12 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने रविवार को ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को चुनौती दी कि वह 21 जुलाई की अपनी रैली एस्प्लेनेड के बजाय कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी की संगठनात्मक ताकत की असली परीक्षा होगी।
कोलकाता पुलिस द्वारा एस्प्लेनेड में वार्षिक ‘शहीद दिवस’ कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार करने के बाद, तृणमूल कांग्रेस अनुमति हासिल करने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही है। पॉल की टिप्पणी तृणमूल कांग्रेस के प्रयासों के बीच आई है।
आसनसोल में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता पॉल ने कहा, ‘‘वे (तृणमूल कांग्रेस) 21 जुलाई का कार्यक्रम 10 जगहों पर मनाएं या 100 जगहों पर, इससे हमें कोई मतलब नहीं है, लेकिन आम जनता को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे इसे मनाना चाहते हैं, तो उन्हें ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ऐसा करना चाहिए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी इसका जिक्र किया है। हम भी यह देखना चाहते हैं कि असल में आपकी संगठनात्मक ताकत कितनी है।’’
मंत्री ने तृणमूल पर कांग्रेस से 21 जुलाई के कार्यक्रम को हथियाने का भी आरोप लगाया।
पॉल ने आरोप लगाया, ‘‘अगर ममता बनर्जी सच में 21 जुलाई का ‘शहीद दिवस’ मनाना चाहती हैं, तो उन्हें जांच आयोग की रिपोर्ट जारी करनी चाहिए। जिन लोगों ने उस समय गोलियां चलाईं और लोगों की जान ली, उन्हें सजा देने के बजाय उन्होंने (ममता) ऐसे लोगों को मंत्री बनाया।’’
तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने हाल ही में कलकत्ता उच्च न्यायालय में अर्जी देकर एस्प्लेनेड में अपनी वार्षिक ‘शहीद दिवस’ रैली करने की इजाजत मांगी है, जहां यह रैली पारंपरिक रूप से होती रही है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश