जयपुर, 29 जून (भाषा) दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियों के बीच राजस्थान के अनेक हिस्सों में इस हफ्ते मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा इस समय गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार के कुछ भागों से होकर गुजर रही है। आगामी दो-तीन दिन में गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।
राज्य के कोटा और उदयपुर संभाग में कुछ भागों में आगामी दिनों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इस दौरान जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में कहीं-कहीं हल्की/मध्यम बारिश होगी।
वहीं दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में दो जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की पूरी उम्मीद है। तीन से पांच जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनसुार इस हफ्ते की शुरुआत में जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, वहीं नमी अधिक होने के कारण उमस भरी गर्मी पड़ेगी।
भाषा पृथ्वी वैभव
वैभव