प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए

Ads

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 11:26 AM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 11:26 AM IST

(तस्वीरों सहित)

विक्टोरिया (सेशेल्स), 29 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। वह तीन दिवसीय यात्रा पर सेशेल्स में हैं और उनकी यह यात्रा शनिवार को शुरू हुई थी।

सेशेल्स में इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह ऐसे वक्त मनाया जा रहा है जब भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हुए हैं।

इस विशेष अवसर पर रविवार रात आयोजित राष्ट्रीय परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने भी हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘भारत को सेशेल्स के विकास के सफर में एक भरोसेमंद दोस्त और साझेदार के तौर पर उसके साथ खड़े होने पर गर्व है। हमारी साझेदारी साझा मूल्यों और लोगों के बीच आपसी संबंधों के साथ और मज़बूत हो रही है। मुझे यकीन है कि आने वाले समय में हमारी दोस्ती और भी बढ़ेगी।’’

एक विशेष सम्मान के रूप में प्रधानमंत्री मोदी भारतीय सैन्य दल के मार्च पास्ट के दौरान खड़े हुए और कृतज्ञता व्यक्त की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘असम रेजिमेंट और भारतीय नौसेना की टुकड़ियों ने कल सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लिया। यह भारत और सेशेल्स के बीच स्थायी और मजबूत मित्रता का एक और प्रतीक है।’’

भारतीय दल में असम राइफल्स के जवान, भारतीय नौसेना के जवान और भारतीय नौसेना का मार्चिंग बैंड शामिल था।

इसके अलावा भारतीय नौसेना के युद्धपोत तरकश और इक्षक भी पोर्ट विक्टोरिया पहुंचे।

इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ विभिन्न द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक वार्ता की।

एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ सम्मान से भी नवाजा। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण में नेतृत्व, विकासशील देशों के हितों को आगे बढ़ाने के प्रयासों तथा समुद्री अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रति उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया गया।

भाषा शोभना वैभव

वैभव