मोदी सरकार को मजबूत सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ रहा है : सिद्धरमैया

मोदी सरकार को मजबूत सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ रहा है : सिद्धरमैया

मोदी सरकार को मजबूत सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ रहा है : सिद्धरमैया
Modified Date: April 20, 2024 / 06:49 pm IST
Published Date: April 20, 2024 6:49 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

मैसुरु, 20 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को दावा किया कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ मजबूत सत्ता विरोधी लहर चल रही है।

सिद्धरमैया ने कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करने के लिए जनता दल (सेक्युलर) को ‘सांप्रदायिक दल’ करार देते हुए कटाक्ष किया कि इसके नेतृत्व को पार्टी को भंग कर देना चाहिए।

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘ इस बार चाहे कर्नाटक हो अथवा देश, कोई मोदी लहर नहीं है। भाजपा प्रत्याशी मोदी के नाम पर वोट मांग रहे हैं, वे मोदी पर निर्भर हैं। देश में मोदी सरकार के खिलाफ जबरदस्त सत्ता विरोधी लहर है। ’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, चूंकि देश में कोई मोदी लहर नहीं है इसलिए देश भर में कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में माहौल है।

सिद्धरमैया ने कांग्रेस के व्यंग्य-युक्त प्रचार अभियान का बचाव किया और केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘ क्या उन्होंने वादे के मुताबिक हर खाताधारक को 15 लाख रुपये दिए?, क्या उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियों का सृजन किया?, क्या उन्होंने किसानों की आय दोगुनी की?, क्या अच्छे दिन आए? ’’

कांग्रेस ने अपने प्रचार अभियान में आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ने कर्नाटक को उपहार के रूप में खाली ‘चोम्बू’ (गोल पानी के बर्तन के लिए कन्नड़ शब्द) दिया है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने अपना किया हुआ एक भी आश्वासन पूरा नहीं किया है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इसलिए मोदी ने राज्य और देश की जनता को एक खाली ‘चोम्बू’ दे दिया है।’ उन्हें (भाजपा) कुछ भी कहने दीजिए, हमारा (राज्य का) खजाना खाली नहीं है, हमने (कांग्रेस सरकार) पांच गारंटी योजनाएं लागू की हैं और हमने विकास कार्यों को जारी रखा है। ’’

सिद्धरमैया ने भाजपा से हाथ मिलाने के बाद जद (एस) के नेता एच डी कुमारस्वामी पर सांप्रदायिक होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि जद (एस) अब एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘ जद (एस) एक सांप्रदायिक पार्टी है। चूंकि, वे कर्नाटक में भाजपा के साथ गठबंधन कर रहे हैं, इसलिए बेहतर होगा कि वे जद (एस) को भंग कर दें। चूंकि, भाजपा और जद(एस) को चुनाव हारने का डर है, इसलिए उन्होंने कांग्रेस से लड़ने के लिए गठबंधन बनाया है। कांग्रेस राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ रही है।’’

सिद्धरमैया ने कहा कि हुब्बाली में नेहा हिरेमथ की हत्या ‘लव जिहाद’ का मामला नहीं है और वह इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं, और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।

एक चौंकाने वाली घटना में, हुब्बाली-धारवाड़ नगर निगम के कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा हिरेमथ (23) की बृहस्पतिवार को बीवीबी कॉलेज परिसर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

आरोपी फैयाज खोंडुनाईक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

नेहा मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) के प्रथम वर्ष की छात्रा थी और फैयाज पहले उसका सहपाठी रह चुका था।

भाषा रवि कांत माधव

माधव


लेखक के बारे में