नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) अभिनेता मोहनलाल ने अपनी 100वीं फिल्म की घोषणा की है। इस फिल्म में वह एक बार फिर प्रियदर्शन के साथ काम कर रहे हैं।
दोनों ने पहले 40 से अधिक फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें ‘पूचक्कोरु मुक्कुथी’ (1984), ‘थलवट्टम’(1986), ‘वेल्लानाकालुडे नाडु’ (1988), ‘चित्रम’ (1988), और 1989 में रिलीज हुई फिल्म ‘वंदनम’शामिल हैं।
मोहनलाल ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस फिल्म घोषणा की और साथ में एक नोट भी लिखा।
अभिनेता ने आगामी परियोजना को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया। इसका निर्माण आशीर्वाद सिनेमा के बैनर तले एंटनी पेरुंबवूर करेंगे और बिनु जॉर्ज अलेक्जेंडर सह-निर्माता होंगे।
अभिनेता ने लिखा, ‘‘कुछ उपलब्धियां सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं होतीं। वे उन सभी की होती हैं जो इस सफर के साक्षी बने। मैं और मेरे प्रिय प्रियन (प्रियदर्शन) मेरी 100वीं फिल्म में साथ काम कर रहे हैं, और मेरे लिए इसका जो अर्थ है उसे व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं… सौ फिल्में सिर्फ एक संख्या नहीं हैं। यह जीवन भर की कहानियां हैं जिन्हें जुनून के साथ सुनाया गया है, सिनेमा के जादू में विश्वास से प्रेरित अनगिनत सुबहें हैं, और अटूट समर्पण का एक सफर है जिसे करीब से देखने का मुझे सौभाग्य मिला है।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘इस यात्रा का हिस्सा बनकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। कुछ पल ऐसे होते हैं जिन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, उन्हें सिर्फ महसूस किया जा सकता है और कृतज्ञता के साथ संजोकर रखा जा सकता है। मेरे मित्र, आपने जो कुछ भी रचा है, जो कुछ भी आपने दुनिया को दिया है, और वे सभी कहानियां जो अभी कही जानी बाकी हैं, उन सभी के लिए मैं आपको सलाम करता हूं।’’
फिल्म निर्माता ने भी इस पोस्ट को साझा किया।
भाषा तान्या धीरज
धीरज