जयपुर, 17 अगस्त (भाषा) दक्षिण पश्चिम मानसून के कमजोर पड़ने से राजस्थान के अधिकतर भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन बाद, 19 अगस्त से यह फिर जोर पकड़ सकती हैं।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, कोटा, जयपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी 4-5 दिन हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन कमजोर मानसून की परिस्थितियां रहेंगी।
हालांकि 19 से 21 अगस्त के दौरान कोटा व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में पुनः बढ़ोतरी होने व कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की उम्मीद है।
बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में भी इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं सोमवार सुबह तक बीते चौबीस घंटों के दौरान राज्य में कहीं कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 49 मिलीमीटर बारिश मंडरायल (करौली) में दर्ज की गई।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा