नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के दौरान अवैध प्रलोभनों के तहत सोमवार तक कुल 510 करोड़ रुपये से ज्यादा की जब्ती कार्रवाई की गयी है। निर्वाचन आयोग की तरफ से यह जानकारी दी गयी।
जब्त की गई वस्तुएं 2021 के पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान हुई बरामदगी से अधिक हैं जो कुल मिलाकर 339 करोड़ रुपये थी।
अधिकारियों ने बताया कि हालिया बरामदगी राज्य में 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान हुई बरामदगी से भी अधिक है।
चुनाव का पहला चरण 23 अप्रैल को हुआ था जबकि दूसरा चरण बुधवार को होगा।
बरामदगी में 30 करोड़ रुपये नकद, 126.85 करोड़ रुपये मूल्य की 48,000 लीटर से अधिक शराब, 110.12 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और 58.28 करोड़ रुपये मूल्य की कीमती धातुएं शामिल हैं।
मतदाताओं को लुभाने के उद्देश्य से सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं का इस्तेमाल किया जाता है।
इसके अलावा, प्रवर्तन एजेंसियों ने 184.85 करोड़ रुपये मूल्य की मुफ्त वस्तुएं भी जब्त की हैं। इनमें घरेलू सामान, कपड़े और मोबाइल फोन शामिल हो सकते हैं।
पश्चिम बंगाल, केरल, असम, पुडुचेरी और तमिलनाडु के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 मार्च को की गई थी, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश